निगम के हाईजीनिक फूड जोन में 07 स्टॉल खाली, किराये पर देने आवेदन शुरू
दुर्ग / नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्रांतर्गत मेनोनाईट चर्च के सामने संविधान पुस्तिका के पास स्थित नवनिर्मित हाईजीनिक फूड जोन के रिक्त 07 स्टॉलों (स्टॉल क्रमांक 01, 02, 04, 05, 08, 09 एवं 10) को अस्थायी मासिक किराये पर दिए जाने हेतु नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा निविदा आमंत्रित की गई है। इच्छुक आवेदकों से बंद लिफाफे में ऑफर आमंत्रित किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 08 जून 2026 सायं 5:30 बजे (कार्यालयीन अवधि तक) निर्धारित की गई है। निविदा केवल स्पीड पोस्ट अथवा रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से स्वीकार की जाएगी। कार्यालय में सीधे निविदा स्वीकार नहीं की जाएगी।
नगर निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार निविदा प्रपत्र का मूल्य 300 रुपये निर्धारित किया गया है। प्राप्त निविदाओं को 09 जून 2026 को शाम 04:00 बजे उपस्थित ऑफरकर्ताओं के समक्ष खोला जाएगा। निविदा से संबंधित शेष नियम एवं शर्तों का अवलोकन कार्यालयीन समय में नगर निगम कार्यालय के सूचना पटल पर किया जा सकता है।