विदेशी साइबर नेटवर्क से जुड़े बैंक खातों का खुलासा, दुर्ग पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
भिलाई। दुर्ग रेंज साइबर थाना पुलिस ने बीमा पॉलिसी रिफंड के नाम पर करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल का अधिकारी बताकर पीड़ित को पॉलिसी की राशि वापस दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराकर करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया।पुलिस के अनुसार, रेंज साइबर थाना में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2026 की जांच के दौरान पहले एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद बैंक खातों के विश्लेषण और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विशेष टीम दिल्ली भेजी गई। वहां से मनमीत सिंह (42), ईशांत माहे उर्फ ईशु (37) और अमनदीप सिंह (33) को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पैसों के लालच में अपने बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे। जांच में यह भी सामने आया कि इन खातों का उपयोग एक विदेशी, नाइजीरियन साइबर ठगी नेटवर्क द्वारा किया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगाल रही है।तीनों आरोपियों को 1 जुलाई 2026 को दिल्ली से गिरफ्तार कर तीस हजारी न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, छह बैंक पासबुक, चार चेकबुक और कई सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में इन बैंक खातों में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिलने के साथ ही विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें भी सामने आई हैं।दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी रिफंड, केवाईसी अपडेट, निवेश या किसी भी ऑनलाइन भुगतान से जुड़े कॉल और संदेशों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर निकटतम साइबर थाने से संपर्क करें।
आरोपी का नाम :
1. मनमीत सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी तिलक विहार, तिलक नगर, नई दिल्ली।
2. ईशांत माहे उर्फ ईशु, उम्र 37 वर्ष, निवासी चंदर विहार, निलोठी एक्सटेंशन, थाना निहाल विहार, दिल्ली।
3. अमनदीप सिंह, उम्र 33 वर्ष, मूल निवासी श्रीगंगानगर (राजस्थान), वर्तमान निवासी चंदर विहार, निलोठी, दिल्ली।