तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूल वाहन चलाना पड़ा भारी, 4 वर्षीय मासूम को गिराकर घायल करने वाला चालक गिरफ्तार

तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूल वाहन चलाना पड़ा भारी, 4 वर्षीय मासूम को गिराकर घायल करने वाला चालक गिरफ्तार

भिलाई/नंदिनी रोड स्थित करुणा हॉस्पिटल के पास स्कूल वाहन चालक की लापरवाही से चार वर्षीय मासूम के घायल होने के मामले में छावनी पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के कारण मासूम बच्चा वाहन से नीचे गिर गया, जिससे उसके माथे, हाथ, पैर और दाहिने गाल पर गंभीर चोटें आईं। मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 8 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 1:30 बजे थाना छावनी क्षेत्र के करुणा हॉस्पिटल के पास, नंदिनी रोड भिलाई में हुई। स्कूल वाहन क्रमांक CG07CZ5111 से चालक बच्चों को घर छोड़ रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाया, जिससे वाहन में सवार चार वर्षीय बालक नीचे गिरकर घायल हो गया।
घटना के बाद घायल बच्चे का उपचार कराया गया। उपचार के उपरांत 10 जुलाई 2026 को बालक की माता ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 455/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125ए तथा मोटरयान अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल वाहन चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हरजीत सिंह (58 वर्ष), निवासी खुर्सीपार, भिलाई के रूप में हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक द्वारा स्कूल वाहन को तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाना था। पुलिस ने कहा कि बच्चों को ले जाने वाले वाहनों के चालकों की जिम्मेदारी सामान्य वाहनों की तुलना में अधिक होती है और इस प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस कार्रवाई में थाना छावनी के सहायक उप निरीक्षक विनय रजक एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।