RBI की बड़ी तैयारी: जल्द आएंगे 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट, कागजी नोट रहेंगे वैध

RBI की बड़ी तैयारी: जल्द आएंगे 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक नोट, कागजी नोट रहेंगे वैध

रायपुर/नई दिल्ली lदेश में जल्द ही 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक (पॉलीमर) नोट देखने को मिल सकते हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ग्लोबल टेंडर जारी किया है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि वर्ष 2016 जैसी नोटबंदी होने जा रही है। बाजार में प्रचलित सभी कागजी नोट फिलहाल पूरी तरह वैध (लीगल टेंडर) बने रहेंगे और उनका उपयोग पहले की तरह जारी रहेगा। भारतीय रिजर्व बैंक की नोट छापने वाली इकाई भारतीय रिजर्व बैंक नोट मुद्रण प्राइवेट लिमिटेड (BRBNMPL) ने प्लास्टिक नोट तैयार करने के लिए दुनियाभर की कंपनियों से पॉलीमर शीट के निर्माण और आपूर्ति के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (EOI) आमंत्रित की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस टेंडर के तहत इच्छुक कंपनियां 18 अगस्त तक अपनी बोली जमा कर सकती हैं, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कागज के नोट जल्दी खराब होने, फटने और अधिक समय तक उपयोग में नहीं टिक पाने के कारण लंबे समय से प्लास्टिक नोटों की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए RBI ने यह पहल की है। शुरुआती चरण में 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट पायलट प्रोजेक्ट के रूप में जारी किए जा सकते हैं, जबकि भविष्य में अन्य मूल्यवर्ग के पॉलीमर नोट भी लाए जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि वर्ष 2027 से इनका बड़े पैमाने पर रोलआउट शुरू हो सकता है। RBI ने स्पष्ट किया है कि प्लास्टिक नोट आने के बाद भी मौजूदा कागजी बैंक नोट बंद नहीं होंगे और उनका प्रचलन जारी रहेगा। प्लास्टिक नोटों की सबसे बड़ी विशेषता उनकी लंबी उम्र है। ये कागजी नोटों की तुलना में ढाई से चार गुना अधिक समय तक चलते हैं, पानी से जल्दी खराब नहीं होते, आसानी से फटते नहीं हैं, इन पर गंदगी कम जमती है तथा कई शोधों में इनकी सतह पर बैक्टीरिया भी कम पाए गए हैं। इसके अलावा, इनकी पारदर्शी विंडो और आधुनिक सुरक्षा फीचर इन्हें नकली बनाना भी काफी कठिन बना देते हैं।