पीछा कर छेड़छाड़ और इंस्टाग्राम पर अश्लील पोस्ट करने वाला आरोपी हरियाणा से गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई
दुर्ग। नेवई थाना पुलिस ने एक युवती का पीछा कर छेड़छाड़ करने और सोशल मीडिया पर उसकी निजी तस्वीरों का दुरुपयोग कर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले फरार आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इंस्टाग्राम स्क्रीनशॉट के आधार पर आरोपी का पता लगाकर ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की लिखित शिकायत पर थाना नेवई में अपराध क्रमांक 354/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 79, 74, 78(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
तीन साल पहले से कर रहा था परेशान
जांच में सामने आया कि आरोपी करीब तीन वर्ष पहले नेवई भाठा क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। इसी दौरान वह पीड़िता का स्कूल आते-जाते पीछा कर छेड़छाड़ करता था। बाद में उसने इंस्टाग्राम के माध्यम से पीड़िता के भाई को अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, पीड़िता और उसके परिवार की निजी तस्वीरों का बिना अनुमति इस्तेमाल कर उन पर अभद्र और मानहानिकारक टिप्पणियां पोस्ट कर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
तकनीकी जांच से मिला आरोपी का सुराग
पुलिस ने पीड़िता द्वारा उपलब्ध कराए गए इंस्टाग्राम स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण किया। तकनीकी जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा) में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
31 जुलाई 2026 को आरोपी को जेएमएफसी फरीदाबाद की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को दुर्ग लाया गया और रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सोशल मीडिया का कर रहा था दुरुपयोग
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी इंस्टाग्राम के जरिए अश्लील संदेश भेजता था, निजी तस्वीरों का दुरुपयोग करता था और आपत्तिजनक पोस्ट कर पीड़िता की प्रतिष्ठा धूमिल करने का प्रयास करता था।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज सिंह (36 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से नेवई भाठा, दुर्ग का निवासी है और वर्तमान में बल्लभगढ़ सेक्टर-3, फरीदाबाद (हरियाणा) में रह रहा था।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल साहू, आरक्षक रवि बिसाई और चंदन भास्कर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी महिला या व्यक्ति के खिलाफ ऑनलाइन उत्पीड़न, अश्लील सामग्री प्रसारित करना या निजी जानकारी का दुरुपयोग करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन पर दें। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।