महिला से छेड़छाड़ करने वाला आरोपी गिरफ्तार: स्मृतिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से 24 घंटे के भीतर दबोचा
दुर्ग। दुर्ग पुलिस की स्मृतिनगर चौकी ने महिला से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 को पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी सहेलियों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी हेमंत क्षत्रिय (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, गणेश मंच के पास, उड़ीया मोहल्ला, मॉडल टाउन, चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला, जिला दुर्ग वहां पहुंचा और बुरी नियत से उसके साथ छेड़छाड़ कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना सुपेला की चौकी स्मृतिनगर में अपराध क्रमांक 1104/2026 धारा 74 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे अभिरक्षा में लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सार्वजनिक स्थान पर महिला के पास जाकर बुरी नियत से छेड़छाड़ की थी। दुर्ग पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील और सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार की जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार अथवा अन्य अपराध की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल-112 पर दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।