दुर्ग : नेहरू नगर चौक पर मामूली विवाद में 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाज के दौरान मौत
भिलाई/नेहरू नगर चौक पर शनिवार रात करीब 11:30 बजे मामूली विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक शिव कुमार सिंह की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार कैंप-1 निवासी शिव कुमार सिंह अपने दोस्त शिशांत के साथ बाइक से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान चलाता था। आगे जाने के लिए उसने सड़क पर एक ट्रक को रोककर लिफ्ट लेने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद शिव कुमार ने वहां से गुजर रहे स्कूटी सवार युवकों को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि स्कूटी सवार एक युवक ने चाकू निकालकर शिव कुमार के बाएं पैर में जांघ के ऊपर सामने की तरफ वार कर दिया। चाकू लगने से शिव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और काफी खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल शिव कुमार को उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक शिव कुमार सिंह 151-डी, सुभाष चौक, कैंप-1 का निवासी था।
पुलिस के अनुसार वारदात के समय आरोपी दो स्कूटी में सवार होकर आए थे, जिनमें चार युवक और एक युवती के होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद आरोपी नेहरू नगर चौक स्थित ब्रिज के नीचे से अंडरब्रिज की ओर गए और वहां से टाउनशिप की तरफ फरार हो गए। वारदात के प्रत्यक्षदर्शी एवं मृतक के दोस्त शिशांत से पुलिस पूछताछ कर रही है। उसने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि वह आरोपियों की स्कूटी का नंबर नहीं देख सका। शिव कुमार की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्रकरण को हत्या में तब्दील कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। सुपेला पुलिस द्वारा नेहरू नगर चौक, ब्रिज के नीचे तथा अंडरब्रिज की ओर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान करने के साथ ही घटना के बाद उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी भी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह लिफ्ट लेने के लिए स्कूटी रोकने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में शामिल आरोपी कौन थे और उनके पास चाकू कहां से आया। सुपेला पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच एवं तलाश अभियान तेज कर दिया है।