लंबित वारंटों पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 101 वारंटी न्यायालय में पेश

लंबित वारंटों पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा, 101 वारंटी न्यायालय में पेश

दुर्ग/ दुर्ग पुलिस द्वारा लंबित न्यायालयीन वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया गया। दिनांक 29 अगस्त को ACCU एवं जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने समन्वित रूप से कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में कुल 101 लंबित वारंट तामील किए। अभियान के दौरान मारपीट, चाकूबाजी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एनआई एक्ट सहित विभिन्न अपराधों से जुड़े वारंटियों की पतासाजी कर उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस टीमों ने न्यायालयीन अभिलेखों, स्थानीय सूचना तंत्र एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर वारंटियों की पहचान एवं तलाश की। थाना-वार कार्रवाई में दुर्ग 23, छावनी 15, मोहन नगर 10, खुर्सीपार 9, कुम्हारी 3, भिलाई भट्टी 6, भिलाई नगर 3, पद्मनाभपुर 4, पुरानी भिलाई 6, सुपेला/चौकी स्मृति नगर 4, उतई 4, वैशाली नगर 1, जामुल 3, नंदिनी नगर 2 तथा नेवई थाना क्षेत्र से 6 वारंट तामील किए गए।
विशेष अभियान के दौरान वारंटियों को विधिवत अभिरक्षा में लेकर संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत उन्हें जेल भेजा गया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से लंबित न्यायालयीन वारंटों की प्रभावी तामिली सुनिश्चित करना तथा न्यायालयीन प्रक्रिया को गति प्रदान करना रहा। अभियान में ACCU के साथ विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से सक्रिय भूमिका निभाई। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि न्यायालयीन प्रकरणों में न्यायालय के निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी वारंट या वैधानिक प्रक्रिया से बचने का प्रयास न करें। साथ ही, किसी व्यक्ति के संबंध में न्यायालयीन वारंट या अपराध से संबंधित जानकारी होने पर पुलिस को सूचना देकर कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।