दुर्ग के पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में विराजे विघ्नहर्ता, रामेश्वरम धाम सहित 21 नदियों के जल से होगा विशेष अभिषेक

दुर्ग के पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में विराजे विघ्नहर्ता, रामेश्वरम धाम सहित 21 नदियों के जल से होगा विशेष अभिषेक

दुर्ग/ पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी गणेश चतुर्थी पर्व की शुरुआत हो गई है। इसी कड़ी में दुर्ग के पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा की विधिवत स्थापना की गई। दक्षिण भारत और उज्जैन से पहुंचे पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर गणपति बप्पा को विराजमान कराया।
गणपति स्थापना के बाद बप्पा के प्रथम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता भगवान गणेश के दरबार में भक्त आस्था और श्रद्धा के साथ पहुंचने लगे हैं। स्थापना स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन कर रहे हैं।
समिति के सदस्य राजेश शर्मा ने बताया कि इस वर्ष गणेश उत्सव के दौरान विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। रामेश्वर धाम सहित 21 नदियों से लाए गए पवित्र जल से भगवान गणेश का अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ ही प्रतिदिन श्रद्धालुओं को 1008 रुद्राक्ष और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है तथा पद्मनाभपुर मिनी स्टेडियम में गणपति बप्पा के दर्शन के लिए भक्तों का पहुंचना लगातार जारी है।