दुर्ग में नकली सोने का बड़ा खेल! जेवरात गिरवी रखकर ऐंठे 8.25 लाख, 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में नकली सोने का बड़ा खेल! जेवरात गिरवी रखकर ऐंठे 8.25 लाख, 3 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/नकली सोने के जेवरात को असली बताकर गिरवी रखने और उसके बदले 8 लाख 25 हजार रुपये नगद प्राप्त कर धोखाधड़ी करने के मामले में सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस और एसीसीयू टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकली सोने के जेवरात सहित चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को प्रार्थी पवन कुमार जैन, उम्र 37 वर्ष, निवासी भोई पारा, दुर्ग ने थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 28 सितंबर 2026 और 30 सितंबर 2026 को एक महिला और एक पुरुष ने कुल 84.880 ग्राम वजन के नकली सोने के जेवरात गिरवी रखकर कुल 8,25,000 रुपये नगद प्राप्त किए और धोखाधड़ी की।
शिकायत के आधार पर प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 555/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान थाना सिटी कोतवाली दुर्ग एवं एसीसीयू की टीम ने आरोपियों की पतासाजी करते हुए रमेश कुमार और मीनाक्षी बाघ को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटना में संलिप्तता पाए जाने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ एवं आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर नकली सोने के जेवरात उपलब्ध कराने वाले आरोपी राजेश अग्रवाल की पहचान हुई। पुलिस ने उसकी पतासाजी कर उसे भी पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। प्रकरण में संलिप्तता पाए जाने पर राजेश अग्रवाल को भी विधिवत गिरफ्तार किया गया।
नकली जेवरात को असली बताकर गिरवी रखा
पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा नकली सोने के जेवरात को वास्तविक सोने के जेवरात के रूप में प्रस्तुत कर गिरवी रखा गया और इसके बदले नगद राशि प्राप्त कर धोखाधड़ी की गई। विवेचना के दौरान नकली जेवरात उपलब्ध कराने वाले आरोपी की पहचान होने के बाद उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
यहां हुई थी घटना
घटना स्थल सहेली आर्म्स, श्री शिवम मॉल, दुर्ग, थाना सिटी कोतवाली, जिला दुर्ग बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
1.रमेश कुमार (35 वर्ष) — निवासी शिवानंद नगर, अग्रवाल किराना स्टोर के पास, रायपुर।
2.मीनाक्षी बाघ (39 वर्ष) — निवासी कादम्बरी नगर, स्ट्रीट नंबर 08, मीनाक्षी विला, दुर्ग।
3.राजेश अग्रवाल (45 वर्ष) — निवासी कबीर नगर, रायपुर, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर।
जब्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 04 नग मोबाइल फोन तथा 84.880 ग्राम वजन के नकली सोने के जेवरात जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में थाना सिटी कोतवाली दुर्ग एवं एसीसीयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम ने त्वरित विवेचना करते हुए आरोपियों की पतासाजी, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।