.दुर्ग: शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट में डूबे 22 वर्षीय युवक का शव बरामद
दुर्ग/ शिवनाथ नदी के महमरा एनीकट में शुक्रवार को नहाने के दौरान तेज बहाव में बहे 22 वर्षीय युवक का शव दुर्ग एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान पंचशील नगर, दुर्ग निवासी निशांत सेन, पिता होरी लाल सेन के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने मोटर बोट और सुरक्षा उपकरणों की मदद से तलाश अभियान चलाया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को निशांत सेन महमरा एनीकट के समीप शिवनाथ नदी में नहा रहा था। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला सेनानी के निर्देशन में एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रशिक्षित गोताखोर राजकुमार यादव और चंद्रप्रताप जंघेल ने तेज बहाव के बीच डिप डाइविंग कर सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए मौके पर मौजूद दुर्ग थाना पुलिस और परिजनों के सुपुर्द किया गया। घटना से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।