दुर्ग बस स्टैंड पर महिला यात्री को चोरों ने बनाया निशाना, पर्स से एक तोला सोने का हार पार
दुर्ग /दुर्ग बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ के बीच चोरी की एक घटना सामने आई है। राजनांदगांव से दुर्ग पहुंची एक महिला यात्री के पर्स से अज्ञात चोर ने करीब 50 हजार रुपये कीमत का सोने का हार पार कर दिया। महिला को चोरी की जानकारी उस समय हुई, जब वह बस से उतरने के बाद अपने पर्स को चेक करने लगी। पर्स का चैन खुला देखकर जब उसने सामान की जांच की तो उसमें रखा सोने का नेकलेस गायब मिला। घटना की शिकायत के बाद पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया उमाबाई वर्मा 13 नवंबर 2026 को अपनी बेटी ज्योति वर्मा के साथ राजनांदगांव में अपने रिश्तेदार के घर से बेटी के घर नेवई भांठा जाने के लिए निकली थीं। दोनों बस में सवार होकर दुर्ग बस स्टैंड पहुंचीं। सुबह करीब 11:15 बजे बस से उतरने के बाद उमाबाई वर्मा की नजर अपने पर्स पर पड़ी। इस दौरान उन्होंने देखा कि पर्स का चैन खुला हुआ है।महिला ने जब पर्स खोलकर सामान की जांच की तो उसमें रखा करीब एक तोला वजन का सोने का नेकलेस हार गायब मिला। चोरी हुए हार की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। महिला को आशंका है कि बस में सफर के दौरान या दुर्ग बस स्टैंड पर उतरते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर पर्स से सोने का हार चोरी कर लिया।घटना के बाद महिला ने पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।