आखिरी गेंद पर चौका जड़ भारत ने पाकिस्तान को हराया, नौवीं बार बना अंडर-19 एशिया कप चैंपियन
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शनिवार को इतिहास रच दिया। एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। 338 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज की।
मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत के हाथ से खिताब निकल जाएगा। 252 रन पर आठ विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम हार की कगार पर खड़ी थी। लेकिन मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया। इससे पहले पाकिस्तान ने टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए और भारत के सामने 338 रन का लक्ष्य रखा।
सलामी बल्लेबाजों ने दी मजबूत शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को आर्यवीर सहवाग और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17.4 ओवर में 95 रन जोड़े। आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों में नौ चौकों की मदद से 58 रन बनाए। वहीं कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 101 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 80 रन की बेहतरीन पारी खेली।
हालांकि, दोनों सलामी बल्लेबाजों के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई। वीके विनीत ने 24, अर्जुन राजपूत ने 16 और यशवर्धन चौहान ने नौ रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ ने 12 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया। आर्यन सावसानी नौ रन बनाकर आउट हुए, जबकि काव्या पटेल खाता भी नहीं खोल सके।
मनाल और मोहित ने पाकिस्तान के जबड़े से छीनी जीत
252 रन पर आठ विकेट गिरने के बाद भारत की जीत लगभग नामुमकिन नजर आ रही थी। लेकिन नौवें विकेट के लिए मनाल चौहान और मोहित उल्वा ने 35 गेंदों में 57 रन की तूफानी साझेदारी कर दी। मनाल चौहान ने 32 गेंदों में 47 रन बनाए। उनकी पारी में तीन चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वह 48वें ओवर में आउट हो गए, लेकिन मोहित उल्वा ने हार नहीं मानी। मोहित ने 26 गेंदों में नाबाद 49 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
आखिरी गेंद पर चौका, भारत बना चैंपियन
मुकाबला आखिरी गेंद तक पहुंच गया। भारत को जीत के लिए अंतिम गेंद पर तीन रन की जरूरत थी। मोहित उल्वा ने शानदार चौका जड़कर भारतीय टीम को एक विकेट से ऐतिहासिक जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने न सिर्फ नौवीं बार अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता, बल्कि ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के हाथों मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। भारतीय टीम की इस जीत में मनाल चौहान और मोहित उल्वा की साहसिक पारियों को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।