“हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम पर विश्व पृथ्वी दिवस मनाया गया, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
भिलाई/दुर्ग। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण एवं प्रकृति प्रेमी प्रशांत कुमार क्षीरसागर ने अपने विचार साझा करते हुए लोगों को पृथ्वी संरक्षण के प्रति जागरूक किया। इस वर्ष की थीम “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि हमारे छोटे-छोटे प्रयास मिलकर पृथ्वी को बचाने की बड़ी ताकत बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विश्व पृथ्वी दिवस हर वर्ष 22 अप्रैल को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पृथ्वी को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाना है। आज के समय में प्रदूषण, वनों की कटाई, जलवायु परिवर्तन, जल संकट और जैव विविधता के नाश जैसी गंभीर समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिनका सीधा असर मानव जीवन और भविष्य पर पड़ रहा है।
प्रशांत कुमार क्षीरसागर ने कहा कि इस दिवस की शुरुआत वर्ष 1970 में हुई थी और तब से यह एक वैश्विक आंदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें करोड़ों लोग जुड़कर पृथ्वी को बचाने का संकल्प लेते हैं।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि हम अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे कदम अपनाकर बड़ा बदलाव ला सकते हैं, जैसे—
• प्लास्टिक का कम उपयोग
• अधिक से अधिक वृक्षारोपण और संरक्षण
• पानी और बिजली की बचत
• साइकिल, पैदल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग
• प्राकृतिक संसाधनों का संतुलित उपयोग
• कचरे का उचित निपटान
इस अवसर पर “पृथ्वी बचाओ, भविष्य सुरक्षित बनाओ” अभियान के तहत प्रशांत कुमार शिरसागर, पियुष रुद्र शिरसागर, आदित्य नारायण शर्मा, मृणाल दत्ता, राहुल बी., साई, योगेश कुमार एवं अन्य साथियों द्वारा सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
अंत में उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पृथ्वी का निर्माण हम सभी की जिम्मेदारी है।