दुर्ग में मारपीट बनी मौत की वजह, पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
दुर्ग/अण्डा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार दोनों आरोपियों को महज 3 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।जानकारी के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खाड़ा के स्कूल पारा में शम्भू निषाद उर्फ देवचरण (45 वर्ष) का संतोष कुमार यादव और रोहित कुमार यादव के साथ विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की, जिससे शम्भू निषाद को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घायल अवस्था में परिजनों द्वारा उसे जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां 13 अप्रैल को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अण्डा थाना में अपराध क्रमांक 40/2026 धारा 103, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी संतोष कुमार यादव को कुथरेल क्षेत्र से तथा रोहित कुमार यादव को रायपुर से गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह आपसी विवाद के दौरान हुई मारपीट है। घटना में किसी प्रकार का हथियार उपयोग नहीं किया गया।
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और शांतिपूर्ण तरीके से समाधान करें। किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।