22 मई को दुर्ग में जिला स्तरीय रोजगार मेला, निजी कंपनियों में मिलेगी नौकरी का मौका

22 मई को दुर्ग में जिला स्तरीय रोजगार मेला, निजी कंपनियों में मिलेगी नौकरी का मौका

दुर्ग/ जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग द्वारा निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 22 मई 2026 को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (सीएसआईटी), शिवाजी नगर, बालोद रोड के परिसर में आयोजित होगा, जिसमें जिले भर के युवा शामिल हो सकेंगे।
   जिला रोजगार कार्यालय के उपसंचालक से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मेले के माध्यम से विभिन्न निजी संस्थानों में रिक्त पदों को भरा जाना है। ऐसे सभी नियोजक या निजी संस्थान, जो अपने प्रतिष्ठान के रिक्त पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन करना चाहते हैं, उन्हें अपनी रिक्तियों की जानकारी 10 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से साझा करनी होगी। वहीं रोजगार मेले में सम्मिलित होने के इच्छुक नियोक्ताओं को छत्तीसगढ़ रोजगार विभाग के ई-रोजगार पोर्टल पर अपना रोजगार मेला हेतु पंजीयन कराना होगा। पंजीयन के दौरान नियोक्ताओं को अपना जीएसटी क्रमांक और आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। पोर्टल के माध्यम से प्राप्त रिक्तियों को ही मेले की चयन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। मेले के आयोजन, पंजीयन प्रक्रिया या अन्य किसी तकनीकी जानकारी के लिए नियोक्ता सीधे जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, मालवीय नगर चौक, दुर्ग में संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ईमेल ddirempdurg041@gmail.com पर भी संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है।