8 साल बाद हत्या के प्रयास का फरार आरोपी चढ़ा सुपेला पुलिस के हत्थे

8 साल बाद हत्या के प्रयास का फरार आरोपी चढ़ा सुपेला पुलिस के हत्थे

दुर्ग/दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने वर्ष 2019 के हत्या के प्रयास के मामले में पिछले 8 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1010/2019 में 26 अक्टूबर 2019 को प्रार्थी विनय यादव उर्फ नेपाली अपने साथी के साथ शीतला तालाब के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी पोने सिंह और उसके साथी ने शराब पीने के लिए रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। एक आरोपी ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से उसकी पीठ, कमर और दाहिने सीने पर प्राणघातक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में थाना सुपेला में धारा 294, 506, 324, 327, 307 और 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। चिकित्सकीय परीक्षण में गंभीर चोट पाए जाने के बाद हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई। विवेचना के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जा चुका था, जबकि सह-आरोपी पोने सिंह घटना के बाद से लगातार फरार था। फरार आरोपी की तलाश के दौरान 17 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पोने सिंह (38 वर्ष), निवासी शंकर पारा, स्कूल के पास, वार्ड क्रमांक 12, सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में कोई नई जब्ती नहीं हुई है। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी पारस ठाकुर के नेतृत्व में उप निरीक्षक धनेश्वर साहू, सहायक उप निरीक्षक गंगाराम रावत, प्रधान आरक्षक शुभोध पाण्डेय तथा आरक्षक सूर्यप्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह राजपूत और अजित यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपराधिक घटना या फरार आरोपियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून से बचने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा सके।