भारतीय मजदूर संघ स्थापना दिवस पर दुर्ग में कर्मचारियों ने लिया संगठन सशक्त बनाने का संकल्प
दुर्ग/नगर पालिक निगम। नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर के बाहर आज स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ द्वारा भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर सादगीपूर्ण एवं गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए संगठन की एकता, श्रमिक हितों की रक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।कार्यक्रम में स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री अनिल सिंह, शशिकांत यादव, सत्यनारायण शर्मा, ईश्वर वर्मा, चंदन मनहरे,शानू कोठारी,गंगाधर ठाकरे, हेमलता वर्मा, रेखा कुर्रे, योगेंद्र वर्मा, प्रेंसी, सूरज सारथी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।इस अवसर पर महामंत्री अनिल सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन है, जिसने सदैव श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकता और अनुशासन में निहित होती है। कर्मचारी यदि संगठित होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें तो संस्थान की प्रगति के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन की गरिमा बनाए रखते हुए जनहित एवं कर्मचारी हित में निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।संघ अध्यक्ष संजय मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस श्रमिकों के संघर्ष, समर्पण और गौरव का प्रतीक है। यह दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि स्वायत्तशासी कर्मचारी संघ सदैव कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा तथा बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन आपसी समन्वय, सहयोग और सकारात्मक संवाद के माध्यम से कर्मचारियों के हित में निरंतर कार्य करता रहेगा।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भारतीय मजदूर संघ के स्थापना दिवस पर श्रमिक हितों की रक्षा, संगठन की मजबूती तथा राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। साथ ही एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देकर कार्यक्रम का समापन किया।