ऑटो-ई-रिक्शा की अब होगी डिजिटल पहचान, दुर्ग में QR कोड रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू

ऑटो-ई-रिक्शा की अब होगी डिजिटल पहचान, दुर्ग में QR कोड रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू

दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा को डिजिटल रूप से रजिस्टर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में उप महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा में QR कोड लगाने की प्रक्रिया तथा ऑटो रजिस्ट्रेशन पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्ग जिला QR कोड के माध्यम से ऑटो को डिजिटल रूप से रजिस्टर करने वाला छत्तीसगढ़ का तीसरा जिला बनेगा। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक ऑटो एवं ई-रिक्शा को QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। QR कोड के माध्यम से वाहन और चालक से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस के पास सुरक्षित रहेगी, जिससे किसी भी घटना अथवा आपात स्थिति में ऑटो एवं चालक की पहचान करने और त्वरित कार्रवाई करने में पुलिस को सहायता मिलेगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह पूरी व्यवस्था ऑटो चालकों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। उन्होंने सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों से आवश्यक रूप से अपना रजिस्ट्रेशन कराने तथा इस अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने में यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा आगामी एक सप्ताह के भीतर जिले के सभी ऑटो एवं ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन पूर्ण कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान जनहित फाउंडेशन के ऋषभ सोनी सहित लॉयन्स क्लब के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।