नशे में रॉन्ग साइड से दौड़ा रहा था आइशर वाहन, हाईवे पेट्रोलिंग ने रोका; ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब सेवन की पुष्टि
दुर्ग/नेशनल हाईवे पर शराब के नशे में वाहन चलाने और रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में दौड़ने वाले वाहन चालकों से कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। ऐसा ही एक मामला बीती रात सामने आया, जब हाइवे पेट्रोलिंग-02 की सतर्कता से संभावित दुर्घटना टल गई। नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक आइशर वाहन को पेट्रोलिंग टीम ने रोककर जांच की। जांच में चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाया गया। यातायात पुलिस ने तत्काल वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण न्यायालय भेज दिया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर जिले के नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ आम नागरिकों का सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना है।इसी क्रम में हाइवे पेट्रोलिंग-02 की टीम ने नेशनल हाईवे पर रॉन्ग साइड से आ रहे एक आइशर वाहन को रोककर जांच की। वाहन चालक की गतिविधियों और हाव-भाव से उसके शराब के नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद तत्काल प्रभारी यातायात जोन आकाश गंगा को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी यातायात जोन मौके पर पहुंचे और ब्रेथ एनालाइजर मशीन से चालक की जांच की। जांच में शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए मामला न्यायालय भेज दिया।
71 घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हाइवे पेट्रोलिंग की भूमिका केवल नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।यातायात पुलिस के अनुसार, पिछले 10 महीनों में हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने सड़क दुर्घटनाओं में घायल 71 लोगों को तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया है। हाईवे पर जाम की स्थिति बनने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल कराती है। इसके अलावा सड़क पर तकनीकी खराबी के कारण खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर दुर्घटना और जाम की आशंका को कम किया जाता है।
गंभीर मरीजों के लिए बनाया ग्रीन कॉरिडोर
आपातकालीन चिकित्सा सहायता के मामले में भी हाइवे पेट्रोलिंग की अहम भूमिका सामने आई है। गंभीर रूप से बीमार मरीजों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने के दौरान यातायात पुलिस जरूरत के अनुसार ग्रीन कॉरिडोर तैयार करती है। पुलिस के मुताबिक, इस वर्ष अब तक 32 गंभीर मरीजों को ग्रीन कॉरिडोर के माध्यम से सुरक्षित और त्वरित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई गई, ताकि उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके।