मंत्री यादव हत्याकांड में न्यायालय का बड़ा फैसला, चार आरोपियों को उम्रकैद

मंत्री यादव हत्याकांड में न्यायालय का बड़ा फैसला, चार आरोपियों को उम्रकैद

दुर्ग/शहर के चर्चित श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव हत्याकांड में न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए चार आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने 18 नवंबर 2026 को प्रकरण में फैसला सुनाते हुए चारों आरोपियों को हत्या, आपराधिक षड्यंत्र और अन्य धाराओं में दोषसिद्ध ठहराया। वहीं, दो आरोपियों को आयुध अधिनियम के तहत भी दो और तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई गई है।
मामला 21 मई 2024 की रात करीब 8:15 बजे का है। गंजपारा नाका चौक के पास श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का आरोपियों ने रास्ता रोक लिया था। इसके बाद उनके साथ मारपीट करते हुए धारदार हथियार और कड़े से हमला किया गया। हमले में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की थी। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, जब्त सामग्री तथा चिकित्सकीय एवं फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में प्रस्तुत किए। विवेचना पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ अभियोग पत्र दाखिल किया गया था।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग ने सत्र प्रकरण क्रमांक 175/2024 में 18 नवंबर को फैसला सुनाते हुए अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदू को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास की सजा सुनाई। चारों आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 एवं धारा 120बी के तहत दंडित किया गया है। इसके अलावा धारा 341 सहपठित धारा 34 के तहत एक माह का साधारण कारावास और अर्थदंड भी लगाया गया है।
वहीं, आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या और शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के तहत क्रमशः दो वर्ष और तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा भी सुनाई गई है।
ये आरोपी हुए दोषसिद्ध
दोषसिद्ध आरोपियों में अक्षत दुबे उर्फ मान्या (23 वर्ष), निवासी कादम्बरी नगर, दुर्ग; शुभम शर्मा (25 वर्ष), निवासी आदित्य नगर, दुर्ग; वंश राजपूत (19 वर्ष), निवासी गयाना नगर, दुर्ग और अमिताभ उर्फ चंदू (19 वर्ष), निवासी हरी नगर, दुर्ग शामिल हैं।
प्रकरण की विवेचना निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव एवं थाना दुर्ग की टीम ने की। पुलिस टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ वैज्ञानिक परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की। शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन ने न्यायालय में पैरवी की। पुलिस और अभियोजन के समन्वित प्रयासों से आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में सफलता मिली।