मुक्तिधाम में तीसरी बार अस्थियां गायब! 94 वर्षीय महिला की अस्थियों का रहस्य गहराया
बालोद/छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के गुरुर ब्लॉक स्थित ग्राम खैरवाही के मुक्तिधाम में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां 94 वर्षीय बुजुर्ग महिला के अंतिम संस्कार के बाद उनकी अस्थियां गायब हो गईं। जब दूसरे दिन परिजन अस्थियां लेने और पूजा करने पहुंचे तो चिता स्थल पर नारियल, दीया और अगरबत्ती रखे मिले। राख में तलाश करने पर अस्थियां नहीं मिलीं। घटना के बाद परिवार ने गुरुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस मुक्तिधाम में अस्थियां गायब होने की यह तीसरी घटना है।
अंतिम संस्कार के अगले दिन पहुंचे परिजन, राख में नहीं मिलीं अस्थियां
जानकारी के मुताबिक, ग्राम खैरवाही निवासी 94 वर्षीय विद्यावती रुखमणी शर्मा का 12 नवंबर की रात करीब 11 बजे निधन हो गया था। 13 नवंबर को दोपहर साढ़े 12 बजे गांव के मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अगले दिन 14 नवंबर की शाम उनके बड़े बेटे बालमुकुंद शर्मा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पूजा करने मुक्तिधाम पहुंचे। वहां चिता स्थल पर नारियल और दीया रखा देखकर वे हैरान रह गए। इसके बाद जब उन्होंने ठंडी हो चुकी राख में अस्थियां तलाशीं तो वे गायब मिलीं।
परिजनों ने आसपास और गांव में भी जानकारी जुटाई, लेकिन अस्थियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने गुरुर थाने पहुंचकर शिकायत की और अस्थियां तलाश कर वापस दिलाने की मांग की।
मां की आखिरी इच्छा थी प्रयागराज में गंगा विसर्जन
दिवंगत विद्यावती रुखमणी शर्मा के मंझले बेटे और सिंचाई विभाग के पूर्व एसडीओ रामेश्वर प्रसाद शर्मा ने बताया कि उनकी मां धार्मिक स्वभाव की थीं। उनकी इच्छा थी कि निधन के बाद उनकी अस्थियों को प्रयागराज ले जाकर मां गंगा में विसर्जित किया जाए।
परिवार के सदस्य बालमुकुंद शर्मा, गिरेन्द्र कुमार शर्मा, श्याममूर्ति शर्मा और शारदा प्रसाद शर्मा सहित सभी लोग उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार विधि-विधान से अस्थि विसर्जन की तैयारी कर रहे थे। लेकिन अस्थियां गायब होने से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
परिजनों ने मांग की है कि घटना की जांच कर अस्थियां गायब करने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए। साथ ही अस्थियां बरामद कर परिवार को सौंपी जाएं।
पोती बोलीं- 94 साल तक सुरक्षित रहीं दादी, अब अस्थियों की सुरक्षा नहीं कर पाए
मृतका की पोती ने कहा कि उनकी दादी 94 साल तक सुरक्षित रहीं, लेकिन निधन के बाद परिवार उनकी अस्थियों को सुरक्षित नहीं रख पाया। उनके मुताबिक, चिता स्थल पर पूजा-पाठ के सामान मिलने और अस्थियां गायब होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। परिवार यह समझ नहीं पा रहा है कि आखिर किसने और किस उद्देश्य से ऐसा किया।
खैरवाही में पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
ग्रामीणों के अनुसार, मुक्तिधाम से अस्थियां गायब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो बार ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।
ग्रामीण इंद्रजीत सिन्हा ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पिता के निधन के बाद इसी मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया था। जब वे बाद में अस्थियां लेने पहुंचे तो वे भी गायब मिली थीं। उस समय गांव में इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
अब तीसरी बार ऐसी घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और चिंता है। लोग मुक्तिधाम में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने और मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने कहा- परिजनों के बयान के बाद होगी जांच
गुरुर थाना प्रभारी मुकेश सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। फिलहाल परिजन क्रियाकर्म में व्यस्त हैं। उनके बयान दर्ज करने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।