फ्लैट में चल रहा था अवैध हुक्का अड्डा, 6 आरोपी गिरफ्तार – दुर्ग पुलिस की कार्रवाई

फ्लैट में चल रहा था अवैध हुक्का अड्डा, 6 आरोपी गिरफ्तार – दुर्ग पुलिस की कार्रवाई

भिलाई/ नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना पुरानी भिलाई क्षेत्र में स्थित विजय शांति हाईट्स, चरोदा के एक फ्लैट में अवैध रूप से हुक्का संचालन का खुलासा करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से हुक्का सामग्री सहित कुल 13,215 रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि विजय शांति हाईट्स के फ्लैट नंबर 23 में कुछ लोग अवैध रूप से हुक्का पिलाने और सेवन कराने का काम कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। रेड के दौरान 6 व्यक्ति हुक्का पीते और पिलाते पाए गए, जो किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इस पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 की धारा 4(क), 21(क) के तहत अपराध क्रमांक 244/2026 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
उज्जवल जैन (23), हर्ष जैन (26), रौनक जैन (27), हिमांशु वर्मा (28), उज्जवल चतुर्वेदी (28) और आयुष सिंह (27) शामिल हैं।
जब्त सामग्री
पुलिस ने मौके से 3 हुक्का पॉट, 2 हुक्का बर्नर, 1 हुक्का चार्जर, 5 पैकेट प्लास्टिक पाइप, 17 पैकेट हुक्का फ्लेवर (AFZAL), 1 डिब्बा हुक्का फ्लेवर (Alladdin), 1 पैकेट सिल्वर कॉइल पेपर सहित कुल 13,215 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध रूप से हुक्का संचालित कर आर्थिक लाभ कमा रहे थे।