हमीद अली चला रहा था सट्टा रैकेट, पुलिस ने किया भंडाफोड़
भिलाई/दुर्ग। जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस ने नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शासकीय स्कूल के पास अवैध रूप से सट्टा खिलाते पकड़ा गया, जिसके कब्जे से नगदी सहित कुल 44,310 रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बानबरद स्थित शासकीय स्कूल के पास एक व्यक्ति सट्टा संचालन कर रहा है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम हमीद अली (39 वर्ष), निवासी ग्राम कोड़िया, थाना नंदिनी नगर बताया।
पुलिस ने आरोपी के पास से सट्टा पट्टी, डॉट पेन, मोबाइल फोन, नगदी रकम और एक मोटरसाइकिल जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 44,310 रुपये आंकी गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध रूप से सट्टा संचालन कर धन अर्जित कर रहा था। यह कार्रवाई थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम द्वारा की गई, जिसकी सराहना की गई है।