दुर्ग ग्रामीण में फिर लगा जनदर्शन, विधायक ललित चंद्राकर ने सुनीं आमजन की समस्याएं

दुर्ग ग्रामीण में फिर लगा जनदर्शन, विधायक ललित चंद्राकर ने सुनीं आमजन की समस्याएं

 
दुर्ग,/दुर्ग ग्रामीण के विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) माननीय श्री ललित चंद्राकर जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार से लौटने के बाद पूर्व की भांति अपने सिविल लाइन स्थित निवास स्थान में जनदर्शन कार्यक्रम पुनः प्रारंभ कर दिया है। विधायक  ललित चंद्राकर द्वारा प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक अपने निवास स्थान में जनदर्शन लगाया जा रहा है। आज भी दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनदर्शन में मुख्य रूप से राशन कार्ड, पेंशन, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास, बिजली, पानी, सड़क, नाली, स्वास्थ्य, राजस्व प्रकरणों एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें एवं मांगें प्राप्त हुईं। विधायक श्री चंद्राकर ने प्रत्येक व्यक्ति से स्वयं मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कराया। शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।इस अवसर पर विधायक श्री ललित चंद्राकर ने कहा, _"पार्टी के आदेश पर पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार में गया था। वहां से लौटते ही पूर्व की भांति जनदर्शन का क्रम फिर से शुरू कर दिया है। जनता की सेवा ही मेरा पहला कर्तव्य है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के 'जनता के द्वार, सरकार हर बार' के संकल्प को हम जमीन पर उतार रहे हैं। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के किसी भी नागरिक को अपनी समस्या लेकर भटकना न पड़े।"_

*क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा*, _"दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के सभी सम्मानित नागरिकों से मेरा विनम्र निवेदन है कि अपनी किसी भी समस्या, सुझाव या मांग को लेकर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 12 बजे के बीच मेरे सिविल लाइन स्थित निवास पर जनदर्शन में अवश्य पधारें। आपकी समस्या का समाधान करना ही मेरी प्राथमिकता है। आप निसंकोच आएं, आपका बेटा-भाई आपके लिए सदैव उपलब्ध है।"_

उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि अंतिम छोर के व्यक्ति की आवाज सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंच सके। यही सुशासन है।
जनदर्शन में आए नागरिकों ने विधायक जी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि घर के पास ही विधायक जी से सीधे मिलकर अपनी बात रखना और तत्काल समाधान पाना बहुत बड़ी राहत है।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।