ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा: दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-टैब और ₹60 हजार नकद जब्त

ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा: दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल-टैब और ₹60 हजार नकद जब्त

दुर्ग/दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्मृतिनगर पुलिस और एसीसीयू (एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बेटिंग एप के माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैब और 60 हजार रुपये नकद सहित लगभग 1.25 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खम्हरिया स्थित रियों होटल में कुछ लोग ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग एप के माध्यम से अवैध सट्टा गतिविधियों में संलिप्त हैं। सूचना मिलते ही चौकी स्मृतिनगर और एसीसीयू दुर्ग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोबाइल और टैब के माध्यम से "सिक्किम" नामक ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म पर सट्टा खेलना स्वीकार किया। जांच में ऑनलाइन जुआ गतिविधि संचालित होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
1. शेख अकरम (24 वर्ष)
निवासी – सेक्टर-06, भिलाई, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
2. अनीष कुमार (27 वर्ष)
निवासी – सेक्टर-07, भिलाई, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग।
यह सामग्री हुई जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से—
02 मोबाइल फोन
01 टैब
नगद 60,000 रुपये
कुल लगभग 1,25,000 रुपये मूल्य की सामग्री
जब्त की है।
छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 803/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 07 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
अवैध कमाई के लिए चला रहे थे ऑनलाइन सट्टा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से सट्टा गतिविधियों का संचालन कर रहे थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भी जांच कर रही है।
एसीसीयू और स्मृतिनगर पुलिस की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में एसीसीयू दुर्ग एवं चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। टीम ने त्वरित सूचना संकलन, तकनीकी विश्लेषण और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध ऑनलाइन सट्टा गतिविधि का पर्दाफाश किया।