भिलाई : "वृंदानगर में दंपत्ति की संदिग्ध मौत, घर में मिले दोनों के शव"
भिलाई/ वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वृंदानगर कैंप-1 में रविवार को एक दंपत्ति के शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को प्राप्त सूचना के अनुसार वृंदानगर कैंप-1 निवासी जी. वेंकटरमण मूर्ति (55 वर्ष) एवं उनकी पत्नी जी. विद्यावती (52 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में पाए गए। घटना की सूचना मृतक के घर के सामने रहने वाले उनके छोटे भाई जी. माधव राव द्वारा दी गई, जिसके आधार पर मर्ग कायम कर जांच कार्यवाही शुरू की गई है।
फॉरेंसिक एवं पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर विधिवत फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की। जांच के दौरान मृतका जी. विद्यावती का शव मकान के सामने वाले कमरे में मिला, जबकि मृतक जी. वेंकटरमण मूर्ति का शव घर के अंदर एक कमरे में नायलॉन की मोटी रस्सी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के भाई द्वारा रस्सी काटकर शव को नीचे उतारा गया था।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्रित कर पंचनामा कार्रवाई पूर्ण की है तथा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक ऑटो चालक का कार्य करता था। साथ ही पति-पत्नी के बीच अक्सर आपसी विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।