दुर्ग निगम कर्मचारियों के लंबित वेतन पर महापौर अलका बाघमार का बड़ा आश्वासन, जल्द भुगतान कराने की पहल

दुर्ग निगम कर्मचारियों के लंबित वेतन पर महापौर अलका बाघमार का बड़ा आश्वासन, जल्द भुगतान कराने की पहल

दुर्ग/नगर पालिक निगम, दुर्ग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों के लंबित वेतन के संबंध में नवयुक्त अधिकारी/कर्मचारी कल्याण संघ के प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष राजूलाल चंद्राकर के नेतृत्व में महापौर श्रीमती अलका बाघमार से सौजन्य भेंट कर विस्तृत चर्चा की तथा कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों का माह जुलाई 2026 (देय अगस्त 2026) का लंबित वेतन शीघ्र भुगतान कराने का आग्रह किया। महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनी। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाएगा तथा लंबित वेतन का भुगतान जल्द से जल्द सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी और निगम प्रशासन से इस संबंध में चर्चा कर शीघ्र समाधान का प्रयास किया जाएगा।

संघ ने महापौर को बताया कि वेतन भुगतान में विलंब के कारण कर्मचारियों को घरेलू खर्च, बच्चों की शिक्षा, चिकित्सा, बैंक ऋण की ईएमआई तथा अन्य आवश्यक दायित्वों के निर्वहन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर महापौर ने कर्मचारियों की पीड़ा को समझते हुए सकारात्मक हस्तक्षेप का आश्वासन दिया।

जिला अध्यक्ष राजूलाल चंद्राकर ने महापौर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि—

"महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए हमारी बात गंभीरता से सुनी है। हमें विश्वास है कि उनके सकारात्मक हस्तक्षेप से कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र भुगतान होगा। कर्मचारी हितों के प्रति उनका यह आश्वासन निश्चित रूप से कर्मचारियों में विश्वास और उम्मीद का संचार करेगा।"संघ ने बताया कि कर्मचारी नगर की स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, राजस्व एवं अन्य आवश्यक जनसेवाओं का निरंतर संचालन कर रहे हैं। ऐसे में समय पर वेतन भुगतान कर्मचारियों का अधिकार है। महापौर द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन से कर्मचारियों में राहत और विश्वास का वातावरण बना है।