सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव के बाद अलर्ट हुई दुर्ग पुलिस, एक घंटे में सामान्य हुआ यातायात

सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव के बाद अलर्ट हुई दुर्ग पुलिस, एक घंटे में सामान्य हुआ यातायात

दुर्ग/ राजनांदगांव बाईपास स्थित डी-मार्ट के सामने शनिवार रात करीब 9 बजे अनुराग कूरियर कंपनी के वाहन क्रमांक CG 10 CD 2598 में रखे सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव की सूचना मिलने पर दुर्ग पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली।
सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर सभी संबंधित थाना एवं यातायात पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नेहरू नगर गुरुद्वारा तिराहा से यातायात को डायवर्ट किया गया। वहीं, गैस रिसाव वाले टैंकर के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा घेरा बनाया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की टीम को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया। पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों ने समन्वय के साथ आवश्यक सुरक्षा उपाय करते हुए टैंकर को सुरक्षित तरीके से सड़क किनारे कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते महज एक घंटे के भीतर मार्ग पर यातायात व्यवस्था पुनः सुचारु करा दी गई। इस दौरान किसी बड़े हादसे की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी गई।
आपात स्थिति के दौरान आम नागरिकों, ट्रक चालकों एवं अन्य वाहन चालकों ने भी संयम और सतर्कता का परिचय दिया। लोगों ने पुलिस द्वारा किए जा रहे सुरक्षा उपायों में सहयोग करते हुए दिए गए निर्देशों का पालन किया।
दुर्ग पुलिस की तत्परता, संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और आमजन के सहयोग से संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया। दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि आपात परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।