महतारी वंदन की 33वीं किस्त जारी, विधायक ललित चंद्राकर बोले- महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को समर्पित है सरकार
दुर्ग/ छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन अवसर पर नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव मैदान से केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की पात्र महिला हितग्राहियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से एक-एक हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। दिवाली से पहले मिली इस आर्थिक सहायता को महिलाओं के लिए खुशियों के उपहार के रूप में देखा जा रहा है।
महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होने पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से दुर्ग ग्रामीण सहित प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है। इस राशि से महिलाएं अपनी छोटी-छोटी जरूरतों को स्वयं पूरा कर पा रही हैं। महिलाओं के चेहरे पर खुशी और उनके जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव ही इस योजना की सार्थकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना केंद्र एवं राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी होना महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि योजना की पात्र महिलाओं को नियमित रूप से इसका लाभ मिलता रहे।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से परिवारों में समृद्धि आएगी और हर आंगन में खुशियों की रोशनी फैलेगी। इस जनकल्याणकारी पहल के लिए उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े तथा प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।