AI से बनाया दुर्ग कलेक्टर का फर्जी आदेश, जप्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार

AI से बनाया दुर्ग कलेक्टर का फर्जी आदेश, जप्त बाइक छुड़ाने पहुंचे दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई/कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर आबकारी विभाग से जप्त मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुंचे दो आरोपियों को भिलाई भट्ठी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से कलेक्टर के नाम से कूटरचित आदेश तैयार किया था और उसे वास्तविक सरकारी आदेश बताकर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया था। दस्तावेजों के सत्यापन में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को प्रार्थी भोजराम रत्नाकर ने थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-1 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा पर प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया था।
आबकारी कार्यालय में आदेश का परीक्षण और सत्यापन किया गया तो दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। थाना भिलाई भट्ठी में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जप्त कर ली। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर तथा युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग शामिल हैं।

         पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे, सउनि पुनीत राम वर्मा, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू तथा आरक्षक अमित सिंह, बालेन्द्र द्विवेदी, युगल देवांगन, जयनारायण यादव एवं आशीष प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।