अब घर बैठे जमा करें वाहन का ई-चालान, दुर्ग यातायात पुलिस ने बताई ऑनलाइन भुगतान की पूरी प्रक्रिया
दुर्ग/वाहन चालकों को अब अपने वाहनों पर जारी ई-चालान का भुगतान करने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे अपने मोबाइल के माध्यम से ई-चालान की जानकारी प्राप्त कर UPI, फोन-पे, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के जरिए ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने ई-चालान चेक करने और उसका ऑनलाइन भुगतान करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी साझा की है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को विशेष रूप से आगाह किया है कि ई-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। इसके लिए https://echallan.parivahan.nic.in और https://echallan.parivahan.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। किसी अन्य वेबसाइट या अनजान लिंक के माध्यम से भुगतान करने से बचें।
*ऐसे चेक करें अपने वाहन का ई-चालान*
सबसे पहले अपने मोबाइल में Google खोलकर E-Challan सर्च करें। इसके बाद परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Pay Challan विकल्प पर क्लिक करें। Pay Challan पेज पर वाहन (Vehicle) के आइकन का चयन कर निर्धारित स्थान पर अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें। इसके बाद स्क्रीन पर दिखाई देने वाले CAPTCHA को सही तरीके से भरकर Get Detail पर क्लिक करें।
इसके बाद आपके वाहन पर दर्ज ई-चालान की जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी। इसमें चालान नंबर, चालान जारी करने वाले विभाग, चालान की तारीख और जुर्माने की राशि सहित अन्य विवरण उपलब्ध होंगे।
*इस तरह करें ऑनलाइन भुगतान*
जिस चालान का भुगतान करना है, उसके सामने दिए गए चेक बॉक्स पर क्लिक करें और Pay Now विकल्प चुनें। इसके बाद Payment Gateway में Direct Payment पर क्लिक करें। I Accept Terms and Conditions पर टिक करके Submit करें। इसके बाद UPI, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे भुगतान विकल्प उपलब्ध होंगे।
वाहन चालक अपनी सुविधानुसार भुगतान का माध्यम चुन सकते हैं। UPI से भुगतान करने के लिए QR Code स्कैन कर PhonePe, Google Pay अथवा अन्य UPI ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
*भुगतान के बाद रसीद रखना न भूलें*
सफलतापूर्वक भुगतान होने पर स्क्रीन पर Successfully Received का संदेश दिखाई देगा। इसमें चालान नंबर, वाहन नंबर और भुगतान संबंधी विवरण उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद पेज को नीचे स्क्रॉल कर Generate/Print Receipt विकल्प पर क्लिक करें और भुगतान की रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रखें। रसीद का स्क्रीनशॉट भी अपने पास रखा जा सकता है।
*फर्जी लिंक और वेबसाइट से रहें सावधान*
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों को साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी व्हाट्सएप मैसेज, फर्जी लिंक, अनजान कॉल अथवा संदिग्ध संदेश में दिए गए लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा करें। ई-चालान का भुगतान केवल परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें।
यातायात पुलिस दुर्ग ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे समय-समय पर अपने वाहनों के ई-चालान की स्थिति की जांच करते रहें तथा लंबित चालानों का निर्धारित समय पर भुगतान करें। ऑनलाइन भुगतान करने के बाद उसकी रसीद अवश्य सुरक्षित रखें।