किराये के वाहनों को गिरवी रख ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, 10 वाहन जप्त

किराये के वाहनों को गिरवी रख ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, 10 वाहन जप्त

दुर्ग/दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में वाहन किराये के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 10 वाहन जप्त किए हैं, जिनमें 9 चारपहिया वाहन और 1 मोटरसाइकिल शामिल है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी आकुब खान की शिकायत पर थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत धारा 318(4), 316(5), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी “माँ लक्ष्मी टूर एण्ड ट्रेवल्स” के नाम से लोगों से वाहन किराये पर लेते थे, लेकिन वाहन मालिकों को किराया नहीं देते थे और वाहनों को अन्य लोगों के पास गिरवी रख देते थे।
कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अमित कुमार सिंह (28 वर्ष), निवासी चारभाटा थाना बागनदी, जिला राजनांदगांव एवं वरुण सलामे (25 वर्ष), निवासी बुधवारीपारा डोंगरगढ़ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से महिंद्रा स्कॉर्पियो, अर्टिगा, थार, स्विफ्ट, टाटा पंच, वरना, बलेनो सहित कुल 9 चारपहिया वाहन और एक बुलेट मोटरसाइकिल जप्त की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से यह ठगी कर रहे थे। इस पूरी कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।