हनीट्रैप से रची गई अपहरण की साजिश का पर्दाफाश, भांजा निकला मास्टरमाइंड – 5 आरोपी गिरफ्तार

हनीट्रैप से रची गई अपहरण की साजिश का पर्दाफाश, भांजा निकला मास्टरमाइंड – 5 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग/ अमलेश्वर थाना क्षेत्र में हनीट्रैप के जरिए नाबालिग के अपहरण की सनसनीखेज साजिश का दुर्ग पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया। मामले में पीड़ित परिवार का परिचित और भांजा ही मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने महिला सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को प्रार्थी ने थाना अमलेश्वर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके नाबालिग पुत्र को मोटरसाइकिल बनवाने के बहाने तिरंगा चौक बुलाकर अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया। घटना के बाद आरोपियों ने मोबाइल फोन के जरिए संपर्क कर धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अमलेश्वर पुलिस, साइबर सेल और एसीसीयू टीम की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच के दौरान उनकी लोकेशन धमतरी जिले में मिलने पर वहां की पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई कर सभी आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी संजय साहू, जो पीड़ित का भांजा है, ने हेम पुष्पा साहू के माध्यम से हनीट्रैप की योजना बनाई थी। इसके तहत बालक को झांसे में लेकर अन्य साथियों के साथ मिलकर अपहरण की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने फिरौती के लिए इस साजिश को रचने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपी इस प्रकार हैं :
शैलेन्द्र लहरे (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, रायपुर
कृष्णा साहू उर्फ करण (उम्र लगभग 28 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, रायपुर
रविंद्र लहरे (उम्र लगभग 20 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, रायपुर
संजय साहू (उम्र लगभग 25 वर्ष), निवासी अमलेश्वर, जिला दुर्ग
हेम पुष्पा साहू (उम्र लगभग 24 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा, रायपुर
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सेंट्रो कार और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 137(2), 140(3), 351(3), 61 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया और अज्ञात लोगों के संपर्क में सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।