दुर्ग : फर्जी ड्रग लाइसेंस से नशीली सिरप का खेल उजागर, 4 गिरफ्तार
दुर्ग।दुर्ग पुलिस की चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दवा कंपनी प्रतिनिधि की आड़ में प्रतिबंधित कोडीन युक्त नशीली सिरप की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मुख्य सरगना सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 5 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस को 23 अप्रैल को सूचना मिली थी कि ग्राम जुनवानी खम्हरिया रोड, भिलाई के पास कुछ लोग प्रतिबंधित सिरप की अवैध बिक्री के लिए परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी कर सेण्ट्रो कार (CG-07/8595) को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से 7 कार्टून में भरी 800 नग कोडीन युक्त CADIFOS-T सिरप बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी योगेश शर्मा और उमेश कुमार यादव ने खुलासा किया कि वे फर्जी ड्रग लाइसेंस तैयार कर गुजरात स्थित कंपनी से इंडिया मार्ट व ई-कुरियर के माध्यम से प्रतिबंधित सिरप मंगवाते थे और इसे अधिक कीमत पर स्थानीय युवाओं को बेचते थे। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने असली ड्रग लाइसेंस में एडिटिंग कर फर्जी लाइसेंस, लेटरपैड और सील तैयार कर रखे थे, जिनके जरिए यह अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
प्रकरण में महावीर जैन उर्फ रोहित और सतीश मेश्राम को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपियों द्वारा युवाओं में नशे की लत फैलाने और अवैध धन अर्जित करने का खुलासा हुआ है। सभी आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 22, 8(ख), 27(क), 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
जप्त सामग्री में शामिल :
800 नग कोडीन युक्त प्रतिबंधित सिरप (कीमत ₹2,08,800)
एक्टिवा (₹30,000)
सेण्ट्रो कार (₹1,00,000)
4 मोबाइल फोन (₹1,60,000)
नकद ₹1,200
कुल मशरूका : लगभग ₹5,00,000
आरोपी :
योगेश शर्मा (41), कादम्बरी नगर, दुर्ग
उमेश कुमार यादव (42), पदुमनगर, चरोदा
महावीर जैन उर्फ रोहित (38), पोलसाय पारा, दुर्ग
सतीश मेश्राम (40), शंकर नगर, दुर्ग
इस कार्रवाई में चौकी स्मृतिनगर एवं एसीसीयू टीम की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने सूचना संकलन से लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी तक त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की।