पुरैना की बदलेगी तस्वीर, विधायक ललित चंद्राकर ने रखी विकास कार्यों की नींव
दुर्ग/दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के पुरैना वार्ड क्रमांक 39 में क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने ₹149.21 लाख की लागत से बनने वाले आहाता बाउंड्रीवाल, स्ट्रीट लाइट, पेवर ब्लॉक, डोमशेड, सीसी रोड एवं भवन निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में दुर्ग ग्रामीण का हर वार्ड और हर गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है। पुरैना में जिन कार्यों का भूमिपूजन हुआ है, उससे क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। आहाता बाउंड्रीवाल से सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा होगी, स्ट्रीट लाइट से रातें रोशन होंगी, सीसी रोड और पेवर ब्लॉक से आवागमन सुगम होगा तथा डोमशेड सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास एवं नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उनकी प्रतिबद्धता निरंतर जारी है। जनता का आशीर्वाद और विश्वास ही उनकी ताकत है। डबल इंजन की सरकार में विकास की यह यात्रा बिना रुके आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में पुरैना सहित पूरे विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का और विस्तार किया जाएगा।
विधायक चंद्राकर ने कहा कि मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ और साय सरकार के ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को जमीनी स्तर पर साकार किया जा रहा है। गांव, गरीब, किसान और महिलाओं का कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में मरोदा पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, महामंत्री नरेन्द्र निर्मलकर, रिसाली नगर निगम सभापति केशव बंछोर, एमआईसी सदस्य सनीर साहू, पार्षद विक्की चंद्राकर, रिसाली निगम विधायक प्रतिनिधि गोविन्द साहू, डी. साईं, लक्ष्मण राव, डी. बालाजी, बी. गणपति, बी. कृष्णराव, बी. चंद्रावती, द्रौपती यादव, सरोज बाई, चंद्रा बारीक, लखन नाग, अमित, सोनिया सोना, रतन, भीम बहादुर, इंद्रजीत तथा पुरैना के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।