मुल्जिम पेशी ड्यूटी पर अंबिकापुर गए दुर्ग के पुलिसकर्मी शराब पीकर जमीन पर सोते मिले, आरक्षक निलंबित

मुल्जिम पेशी ड्यूटी पर अंबिकापुर गए दुर्ग के पुलिसकर्मी शराब पीकर जमीन पर सोते मिले, आरक्षक निलंबित

दुर्ग/छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मुल्जिम पेशी ड्यूटी के दौरान पुलिस की वर्दी में शराब सेवन करने और जमीन पर सोते हुए पाए जाने के मामले में दुर्ग पुलिस के दो कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग द्वारा 18 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में सहायक उपनिरीक्षक जीवन प्रकाश एक्का एवं आरक्षक क्रमांक 1223 ऋषिकांत त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र, दुर्ग में संबद्ध किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, सहायक उपनिरीक्षक जीवन प्रकाश एक्का एवं आरक्षक ऋषिकांत त्रिपाठी को 17 अक्टूबर 2026 को मुल्जिम पेशी ड्यूटी के लिए जिला सरगुजा भेजा गया था। इस दौरान 18 अक्टूबर 2026 को शाम 5:40 बजे अंबिकापुर के नया बस स्टैंड में दोनों पुलिसकर्मी पुलिस की वर्दी में शराब का सेवन करते पाए गए। आदेश में उल्लेख है कि दोनों अपनी रायफल छोड़कर जमीन पर सोते हुए पाए गए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दुर्ग ने दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र, दुर्ग में संबद्ध करने का आदेश जारी किया। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारी नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।
आदेश की प्रतिलिपि में रक्षित निरीक्षक, दुर्ग को संबंधित कर्मचारियों को आदेश की प्रति तामील कराने तथा घटना की प्रारंभिक जांच पूर्ण कर पांच दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं शाखाओं को आवश्यक सूचना और कार्रवाई के लिए आदेश की प्रतियां भेजी गई हैं।