दुर्ग में ऑटो-ई-रिक्शा चालकों का होगा रजिस्ट्रेशन, 16 अगस्त से QR कोड जारी करने की प्रक्रिया शुरू
यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और ऑटो-ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग ने नई पहल शुरू की है। 16 अगस्त 2026 से ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन कर उन्हें QR कोड जारी किया जाएगा। इसके जरिए यात्रियों को चालक की पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारी मिल सकेगी। इसी सिलसिले में पुलिस कंट्रोल रूम में करीब 150 ऑटो चालकों की बैठक लेकर योजना की जानकारी दी गई।
बैठक में ऑटो चालकों को निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने, रोटेशन व्यवस्था और किराया निर्धारण का पालन करने के निर्देश दिए गए। वाहन के सभी दस्तावेज पूर्ण रखने और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी गई। अधूरे दस्तावेज वाले चालकों के कागजात परिवहन विभाग से चर्चा कर शासकीय शुल्क में पूर्ण कराने की व्यवस्था की जाएगी। जनहित फाउंडेशन रायपुर के ऋषभ सोनी ने PPT और मोबाइल के माध्यम से QR कोड रजिस्ट्रेशन की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया समझाई।