आपसी विवाद में युवक पर हमला, उपचार के दौरान मौत; दुर्ग पुलिस ने 02 संलिप्त व्यक्तियों को पकड़ा

आपसी विवाद में युवक पर हमला, उपचार के दौरान मौत; दुर्ग पुलिस ने 02 संलिप्त व्यक्तियों को पकड़ा

दुर्ग। दिनांक 29-30 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात्रि लगभग 01:00 बजे थाना सुपेला क्षेत्र के नेहरू नगर चौक पर आपसी विवाद के दौरान एक युवक घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक एवं उसके साथी का रुपेन्द्र निषाद, एक विधि से संघर्षरत बालिका तथा एक अन्य व्यक्ति के साथ विवाद होना सामने आया है। विवाद के दौरान युवक के पैर में चोट आई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पतासाजी कर रुपेन्द्र निषाद एवं एक विधि से संघर्षरत बालिका को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त 01 हथियार भी जप्त किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य संलिप्त व्यक्ति फरार है, जिसकी तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद को हिंसक रूप न दें तथा विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की हिंसक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।