स्वच्छ दुर्ग का संदेश लेकर सड़क पर उतरे मंत्री और महापौर, गांधी जयंती पर झाड़ू लगाकर की अभियान की शुरुआत

स्वच्छ दुर्ग का संदेश लेकर सड़क पर उतरे मंत्री और महापौर, गांधी जयंती पर झाड़ू लगाकर की अभियान की शुरुआत

दुर्ग/ नगर पालिक निगम दुर्ग सीमा क्षेत्र अंतर्गत गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं महापौर अलका बाघमार ने डिपरा पारा स्थित शास्त्री चौक में स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और स्वच्छ एवं सुंदर दुर्ग के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, महापौर अलका बाघमार, सभापति श्याम शर्मा, आयुक्त लीना कोसम सहित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, पदाधिकारियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शास्त्री चौक पहुंचकर स्वच्छता अभियान में सहभागिता की और झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया।शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि गांधी जी के विचार और उनका विश्वास आज भी हम सभी के लिए प्रेरणा का बड़ा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि हमें गांधी जी के सपनों का भारत बनाने के लिए स्वयं को समर्पित करना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रसिद्ध नारे जय जवान, जय किसान’ को भी याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।महापौर अलका बाघमार ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का हिस्सा बने। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करें।इस अवसर पर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव एवं महापौर अलका बाघमार ने गांधी चौक, हिंदी भवन के पास महात्मा गांधी एवं शास्त्री चौक में लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित कर दिन की शुरुआत की।इसके साथ ही नगर पालिक निगम दुर्ग परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।कार्यक्रम में प्रीतपाल बेलचंदन,पूर्व विधायक अरुण वोरा,आयुक्त लीना कोसम, सभापति श्याम शर्मा, लोक कर्म प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, निलेश अग्रवाल, शिव नायक, पार्षद कुलेश्वर साहू, गुलाब वर्मा, रंजीता पाटिल, कमल देवांगन,आरएन वर्मा, शिवेंद्र परिहार,अजय तिवारी, जितेंद्र महोविया,अरुण सिंह,मनमोहन शर्मा,बंटी चौहान,महेंद्र,सुनील साहू सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी,अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।