भरोसे का उठाया फायदा, साथी के खाते से निकाल लिए 2.30 लाख रुपये

भरोसे का उठाया फायदा, साथी के खाते से निकाल लिए 2.30 लाख रुपये

भिलाई/बैंकिंग लेनदेन में मदद करने के बहाने एक व्यक्ति ने अपने ही साथी के बैंक खाते से करीब 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी ने खाताधारक के पढ़ा-लिखा नहीं होने का फायदा उठाते हुए कई महीनों तक अलग-अलग किस्तों में रकम निकाली और उसे खर्च कर दिया। मामले में वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी होरी लाल यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, राजीव नगर सुपेला निवासी दिनेश यादव का कैनरा बैंक, सुपेला में खाता है। वह पढ़ा-लिखा नहीं है और बैंक में रुपये जमा करने तथा निकालने के लिए अपने साथ काम करने वाले होरी लाल यादव की मदद लेता था। इसी वजह से आरोपी को उसके बैंक खाते और लेनदेन की पूरी जानकारी थी।
आरोप है कि इसी विश्वास का फायदा उठाकर होरी लाल ने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच खाताधारक की जानकारी और सहमति के बिना अलग-अलग किस्तों में करीब 2.30 लाख रुपये निकाल लिए। जब प्रार्थी को खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी हुई तो उसने थाना वैशाली नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा बैंक खाते से संबंधित तथ्यों की जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी होरी लाल यादव को पूछताछ के लिए बुलाया।
पूछताछ में आरोपी द्वारा खाते से अलग-अलग किस्तों में करीब 2.30 लाख रुपये निकालकर खर्च करना बताया गया। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 13 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी साईं इंद्रा नगर, ठेकरापारा, वार्ड क्रमांक 16, थाना सुपेला का निवासी है। मामले में पुलिस की आगे की विवेचना जारी है।
   *बैंकिंग लेनदेन में सतर्क रहने की अपील*
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते, एटीएम, पासबुक, चेकबुक और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें। बैंकिंग लेनदेन के दौरान स्वयं सतर्क रहें और खाते से किसी भी तरह की अनधिकृत निकासी या संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित बैंक और पुलिस को सूचित करें।