शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, चैतन्य बघेल से जुड़ी 61 करोड़ की संपत्ति पर कब्जा
भिलाई/ छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित करीब 3 हजार करोड़ रुपये के कथित शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल से जुड़ी दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विठ्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉटों को ED ने अपने कब्जे में ले लिया है। इन संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 61 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
शनिवार को की गई इस कार्रवाई के बाद ED के अधिकारियों ने कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर नोटिस चस्पा कर दिया। जांच एजेंसी के मुताबिक, खालसा ढाबा के समीप स्थित इस कॉलोनी में कुल 385 प्लॉट हैं। इनमें से 30 प्लॉट पहले ही बिक चुके हैं, जिन्हें कार्रवाई से बाहर रखा गया है। शेष 355 प्लॉटों के साथ एक व्यावसायिक प्लॉट भी कार्रवाई के दायरे में शामिल है।
शराब घोटाले की रकम से संपत्ति खरीदने का आरोप
ED की जांच में आरोप लगाया गया है कि छत्तीसगढ़ में हुए कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध रकम का इस्तेमाल रियल एस्टेट कारोबार और अन्य संपत्तियों की खरीद में किया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और कथित अवैध लेन-देन का हिसाब रखते थे। इसी आधार पर उनसे जुड़ी संपत्तियों को मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
मार्च 2026 में मिली थी कुर्की की मंजूरी
इस मामले में ED ने 10 नवंबर 2025 को चैतन्य बघेल से जुड़ी संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया था। इसके बाद 8 दिसंबर 2025 को PMLA के निर्णायक प्राधिकरण के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई। 19 मार्च 2026 को हुई सुनवाई के बाद प्राधिकरण ने ED की कार्रवाई को सही ठहराया। वहीं, 23 मार्च 2026 को जारी आदेश में संबंधित संपत्तियों की कुर्की को मंजूरी दी गई थी।
भिलाई-3 स्थित आवास पर भी चस्पा हुआ था नोटिस
इससे पहले ED ने भिलाई-3 के मानसरोवर आवासीय परिसर स्थित चैतन्य बघेल के आवास की बाहरी दीवार पर भी आदेश की प्रतियां चस्पा की थीं। कुर्की के आदेश में भिलाई-3 की करीब 1 करोड़ 64 लाख 87 हजार रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति, भिलाई स्थित आवासीय मकान, दुर्ग की व्यावसायिक संपत्ति, बैंक खातों में जमा रकम, फिक्स्ड डिपॉजिट और पाटन तहसील के ग्राम कुरुडीह स्थित कृषि भूमि का भी उल्लेख किया गया है।