घरेलू झगड़ा बना जानलेवा, पत्नी ने सिलबट्टे से पति को मार डाला, आरोपी महिला गिरफ्तार

घरेलू झगड़ा बना जानलेवा, पत्नी ने सिलबट्टे से पति को मार डाला, आरोपी महिला गिरफ्तार

दुर्ग। थाना छावनी क्षेत्र अंतर्गत एक सनसनीखेज घटना में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 की रात्रि में दुर्गा पारा, कैम्प-02 भिलाई से सूचना मिली कि एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही छावनी पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच में पाया गया कि मृतक डोमन लाल साहू और उसकी पत्नी हीरामणि साहू के बीच पूर्व से ही घरेलू विवाद चलता आ रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आवेश में आकर हीरामणि साहू ने सिलबट्टे से अपने पति के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। घटना में प्रयुक्त सिलबट्टा जब्त कर लिया गया है। आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

 घटनास्थल:
दुर्गा पारा, कैम्प-02 भिलाई, थाना छावनी क्षेत्र
 

आरोपी:
हीरामणि साहू