मंदिर परिसर में फंदे पर लटकी मिली भाजपा नेता व पूर्व उपसरपंच की लाश, इलाके में सनसनी

मंदिर परिसर में फंदे पर लटकी मिली भाजपा नेता व पूर्व उपसरपंच की लाश, इलाके में सनसनी

दुर्ग/ जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलूद गांव के भाजपा नेता एवं पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर (50) का शव सुबह मंदिर परिसर में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद गांव में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही उतई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, तारेंद्र बंछोर सेलूद गांव के निवासी थे और भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में पहचान रखते थे। वे पूर्व में गांव के उपसरपंच भी रह चुके थे तथा सांसद विजय बघेल के समर्थकों में गिने जाते थे।ग्रामीणों ने बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के समीप मंदिर परिसर में चंपा के पेड़ से उनका शव लटकता देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।ग्रामीणों के अनुसार, जिस मंदिर परिसर में तारेंद्र बंछोर का शव मिला, उसका निर्माण उनके कार्यकाल के दौरान कराया गया था। इतना ही नहीं, जिस चंपा के पेड़ पर उनका शव फंदे से लटका मिला, उसे भी उन्होंने ही वर्षों पहले लगाया था। इस तथ्य ने घटना को और अधिक भावुक बना दिया है।बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनकी तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर वे घर लौट आए थे। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उतई थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।