Instagram पर लड़की बनकर युवकों को फंसाता था शातिर ठग, राजनांदगांव पुलिस ने दबोचा
राजनांदगांव/सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को अपने जाल में फंसाने, उनसे पैसों की मांग करने और रकम नहीं मिलने पर गाली-गलौज, धमकी एवं ब्लैकमेलिंग करने वाले एक शातिर साइबर ठग को राजनांदगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और थाना लालबाग की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार थाना लालबाग में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें प्रार्थी ने बताया कि उसकी पुत्री को एक अज्ञात व्यक्ति ने लड़की की आवाज में फोन कर उसके पिता के दुर्घटनाग्रस्त होने और गंभीर रूप से घायल होने की झूठी जानकारी दी। युवती द्वारा जानकारी को गलत बताए जाने पर आरोपी ने अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी। बाद में जब प्रार्थी ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने उन्हें भी अपशब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी।
मामले की शिकायत और उपलब्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 एवं 351(4) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में साइबर थाना एवं लालबाग पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान दीपक कुमार बघेल (22 वर्ष) निवासी ग्राम विष्णुपुर, थाना ठेलकाडीह, जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिलाओं के नाम से फर्जी आईडी बनाकर युवकों से संपर्क करता था। वह खुद को युवती बताकर बातचीत करता, फिर उन्हें भावनात्मक रूप से अपने प्रभाव में लेकर पैसों की मांग करता था। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपी गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और फोटो एडिट कर परिजनों को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त तकनीकी साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, आरक्षक मनीष वर्मा, आरक्षक परिवेश वर्मा, जीवन ठाकुर, फालेश्वर साहू, शत्रोहन सिंह तथा थाना लालबाग प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल एवं थाना लालबाग स्टाफ की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।