Durg News: जेएनयू की छात्राओं से जुड़े कथित यौन शोषण मामले पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, दुर्ग कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर राहुल गांधी से मांगा जवाब
दुर्ग/ प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक के मार्गदर्शन में जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चंद्राकर के नेतृत्व में जेएनयू की छात्राओं से जुड़े कथित यौन शोषण मामले को लेकर कांग्रेस कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला मोर्चा ने मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी से स्पष्ट जवाब देने तथा संबंधित सांसद के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र कौशिक ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व के कथित दोहरे रवैये का भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता हर स्तर पर विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा इस मामले में जवाबदेही की मांग कर रहा है और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर यह आवाज लगातार उठाई जाती रहेगी।जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती तृप्ति चंद्राकर ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की छात्राओं से जुड़े कथित यौन शोषण के मामले में कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजाम के विरुद्ध 11 छात्राओं से संबंधित कथित शिकायतों का मामला सामने आया है। इस मामले में विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति की जांच और दिल्ली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद निष्पक्ष जांच तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है। आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही निकाला जाना चाहिए।जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान किसी भी राजनीतिक दल से ऊपर हैं। कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेषकर राहुल गांधी, को इस मामले में अपना स्पष्ट पक्ष रखना चाहिए और बताना चाहिए कि पार्टी स्तर पर क्या कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा की मांग है कि पीड़ित छात्राओं को न्याय मिले, मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा दोष सिद्ध होने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कांग्रेस पर महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए संबंधित सांसद के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की।इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं होना चाहिए। महिलाओं से जुड़े गंभीर आरोपों पर निष्पक्ष जांच और जवाबदेही आवश्यक है। राजनीतिक दलों को महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यवहार में भी प्रदर्शित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित छात्राओं को न्याय मिलना चाहिए और जांच में दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।इस विरोध प्रदर्शन में जिला संभाग प्रभारी महिला मोर्चा श्रीमती शीतल नायक, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री श्रीमती कुमुद बघेल, जिला मंत्री श्रीमती गायत्री वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती पदमा देवांगन, प्रदेश महिला मोर्चा कार्यसमिति सदस्य श्रीमती ममता देवांगन, श्रीमती दिव्या कलियारी, जिला महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती ममता राव एवं श्रीमती भारती साहू, उपाध्यक्ष श्रीमती झरना वर्मा, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष कु. श्वेता यादव, मीडिया प्रभारी श्वेता बक्शी सहित मंडल अध्यक्ष प्रीति साहू, किरण यादव, उषा साहू, संजू शर्मा, श्वेता कन्नौजिया, अंजू तिवारी, दिनेश्वरी तुरकर, सुमन वर्मा, अनुपमा गोस्वामी, हेमलता देशमुख सहित जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।