भिलाई के योगा उद्यान में अवैध कब्जे की कोशिश, रातों-रात मूर्ति स्थापित

भिलाईनगर। नेहरू नगर स्थित योगा उद्यान में अवैध कब्जे का मामला सामने आया है, जहां असामाजिक तत्वों ने रात के समय मूर्ति स्थापित कर कब्जा करने की कोशिश की। सूचना मिलते ही नगर पालिक निगम भिलाई की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले का निरीक्षण किया।निगम अधिकारियों के अनुसार, हनुमान जयंती के एक दिन पहले रात में कुछ लोगों ने उद्यान की रेलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पहले से बने शेड पर चबूतरा बनाकर मूर्ति स्थापित कर दी। इसके साथ ही उद्यान परिसर में लगे जिम, तारामंडल और योगा स्थल की रेलिंग को भी नुकसान पहुंचाया गया है।मौके पर पहुंची निगम की टीम ने पूरे घटनाक्रम का पंचनामा तैयार किया और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन ने सुपेला थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।निगम ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी तरह की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और शहर की व्यवस्था बनी रहे।