दुर्ग : पुरानी रंजिश में युवक की हत्या: एक ही परिवार के 6 आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार, हथियार और कपड़े बरामद
दुर्ग/पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक की हत्या और उसके परिजनों पर प्राणघातक हमला करने वाले एक ही परिवार के 6 आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईंट, डंडे, चाकू तथा अपराध के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। मामले में धारा 103(1), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और साक्ष्यों को सुरक्षित किया। नए आपराधिक कानूनों के अधिदेशानुसार एफएसएल (FSL) विशेषज्ञों को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना के 12 घंटे के भीतर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना का विवरण
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 की रात करीब 9:30 बजे कुन्दरापारा स्थित जैतखाम के पास पुरानी रंजिश को लेकर प्रार्थी अक्षय कोठारी, उनके भाई लेखराम कोठारी, गोपा उर्फ सूर्यदेव कोठारी और चाचा बल्ला उर्फ रोशन कोठारी पर आरोपियों ने एक राय होकर लाठी, डंडे, ईंट और चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया।
हमले में गंभीर चोट लगने से लेखराम कोठारी की मौत हो गई, जबकि अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 0421/2026 दर्ज कर धारा 103(1), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नए वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलित किए। घेराबंदी कर घटना में शामिल एक ही परिवार के सभी 6 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और प्रार्थी पक्ष के बीच लगभग तीन वर्ष पहले जैतखाम में झंडा लगाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से एक राय होकर प्रार्थी और उसके परिजनों को घेर लिया तथा चाकू, डंडे और ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर लेखराम कोठारी की हत्या कर दी। हमले में अन्य परिजन भी गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना स्थल
थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र अंतर्गत जैतखाम के पास, कुन्दरापारा, दुर्ग।
गिरफ्तार आरोपी
1.लक्ष्मी चेलक, पिता मेलाराम चेलक, उम्र 35 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर।
2.आकाश चेलक, पिता रामचंद्र, उम्र 26 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर।
3.सत्यम चेलक, पिता तारांदास, उम्र 33 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर।
4.खेलू चेलक, पिता रामचंद्र, उम्र 32 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर।
5.प्रकाश चेलक, पिता रामचरण, उम्र 29 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर।
6.देवचंद चेलक, पिता मेलाराम चेलक, उम्र 34 वर्ष, निवासी कुन्दरापारा, पद्मनाभपुर।
जप्त सामग्री
घटना में प्रयुक्त ईंट।
घटना में प्रयुक्त डंडे।
घटना में प्रयुक्त चाकू।
अपराध के समय पहने गए कपड़े।
पुलिस टीम की भूमिका
दुर्ग पुलिस के अनुसार, थाना पद्मनाभपुर पुलिस टीम ने नए कानून के प्रावधानों के तहत वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाते हुए प्रभावी विवेचना की और घटना के 12 घंटे के भीतर सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।