छत्तीसगढ़ के स्कूलों में 21 सितंबर से तिमाही परीक्षाएं, जानिए किस कक्षा की परीक्षा कब होगी
रायपुर/छत्तीसगढ़ के स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। लोक शिक्षण संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा पहली से 12वीं तक होने वाली तिमाही और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की संशोधित समय-सारणी जारी कर दी है। संचालनालय की ओर से जारी आदेश में परीक्षा की तारीखों के साथ कक्षावार विषयों की जानकारी भी दी गई है।
संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि पहले जारी किए गए दिशा-निर्देशों में परीक्षा समिति के गठन सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर जो निर्देश दिए गए थे, वे यथावत रहेंगे। संशोधित समय-सारणी के अनुसार ही स्कूलों में परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
21 सितंबर से शुरू होगी तिमाही परीक्षा
कक्षा पहली से 8वीं तक की तिमाही परीक्षा 21 सितंबर 2026 से शुरू होगी। पहले दिन हिन्दी, 22 सितंबर को गणित और 23 सितंबर को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। कक्षा 3री से 5वीं तक 24 सितंबर को पर्यावरण विषय की परीक्षा होगी।
कक्षा 6वीं से 8वीं तक 23 सितंबर को विज्ञान, 24 सितंबर को अंग्रेजी, 25 सितंबर को सामाजिक विज्ञान और 26 सितंबर को संस्कृत की परीक्षा निर्धारित की गई है। कक्षा पहली और दूसरी के लिए 24 सितंबर के बाद की विषयवार परीक्षा नहीं रखी गई है, जबकि कक्षा तीसरी से 5वीं तक की परीक्षाएं 24 सितंबर तक होंगी।
परीक्षा का समय
प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर की परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं यानी हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्तर की परीक्षा के लिए समय दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक का शेड्यूल
कक्षा 9वीं और 10वीं की तिमाही परीक्षा भी 21 सितंबर 2026 से शुरू होगी। कक्षा 9वीं में क्रमशः हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान तथा संस्कृत एवं अन्य तृतीय भाषाओं की परीक्षाएं होंगी।