कंपनी में जमा नहीं की ग्राहकों की किस्तें, ₹4.85 लाख के गबन का आरोपी पकड़ा गया

कंपनी में जमा नहीं की ग्राहकों की किस्तें, ₹4.85 लाख के गबन का आरोपी पकड़ा गया

दुर्ग /भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड की धमधा शाखा में ग्राहकों से लोन की किस्त और बकाया राशि वसूलकर कंपनी में जमा नहीं करने के मामले में धमधा पुलिस ने पूर्व संगम मैनेजर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 34 ग्राहकों से प्राप्त कुल ₹4,85,575 की राशि का गबन करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को दल्लीराजहरा, जिला बालोद से पकड़ा और पूछताछ के बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।मामले में शिकायत 8 अक्टूबर 2025 को भारत फाइनेंसियल इन्क्लूजन लिमिटेड धमधा शाखा के पूर्व क्रेडिट मैनेजर ने थाना धमधा में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार रणजीत सिंह, निवासी एकलव्य नगर, दल्लीराजहरा, कंपनी की धमधा शाखा में करीब छह माह तक संगम मैनेजर के पद पर कार्यरत था। उसके जिम्मे शाखा से जुड़े सदस्यों को गांवों में जाकर लोन वितरित करना और उनसे लोन की किस्त एवं बकाया राशि वसूलकर कार्यालय में जमा करना था।विवेचना के दौरान सामने आया कि 26 दिसंबर 2023 की सुबह 8 बजे से 28 मई 2024 की शाम 7 बजे के बीच आरोपी ने कुल 34 सदस्यों से लोन की किस्त और बकाया राशि प्राप्त की, लेकिन उसे कंपनी के कार्यालय में जमा नहीं किया। इस तरह कुल ₹4,85,575 की राशि का गबन किए जाने की बात सामने आई।घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था। धमधा पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुखबिर से आरोपी के दल्लीराजहरा में होने की सूचना मिली। साइबर टीम की तकनीकी सहायता से आरोपी की जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने दल्लीराजहरा पहुंचकर उसे पकड़ लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ग्राहकों से राशि लेने और उसे कंपनी में जमा नहीं करने की बात स्वीकार की। पूछताछ में उसने गबन की राशि को खाने-पीने में खर्च करना बताया। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के कब्जे से गबन की गई कोई नगद राशि बरामद नहीं हुई है।पुलिस के मुताबिक आरोपी ग्राहकों से लोन की किस्त और बकाया राशि वसूलने के बाद उसे कंपनी में जमा करने के बजाय अपने पास रख लेता था और बाद में निजी खर्च में इस्तेमाल करता था।धमधा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को दल्लीराजहरा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी रणजीत सिंह, उम्र 28 वर्ष, निवासी एकलव्य नगर, दल्लीराजहरा, जिला बालोद को न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया है।